
बहराइच। गेंदघर के पास स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में सोमवार को खेलकूद दिवस समारोह और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र, मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वित्त एवं लेखाधिकारी (माध्यमिक) वीरेश कुमार रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जीआईसी बहराइच के प्रधानाचार्य नागेंद्र कुमार और जीआईसी रमपुरवा के प्रधानाचार्य डॉ. अमित कुमार पांडे मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या मधु यादव ने छात्राओं को खेलकूद और शिक्षा से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि बदलते समय की चुनौतियों का सामना करने के लिए सही दिशा का चयन करना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
खेलकूद दिवस के दौरान दौड़ प्रतियोगिता, जैवलिन थ्रो, कबड्डी और खो-खो सहित कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके साथ ही नृत्य, गायन, निबंध और कला प्रतियोगिताओं में भी छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में क्रीड़ा प्रभारी व प्रवक्ता मीनाक्षी सिंह, प्रतिमा कुमारी, शाइस्ता खान, वरिष्ठ लिपिक अभिषेक साहू सहित विद्यालय की समस्त शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह के दौरान छात्राओं का उत्साह और प्रतिभा देखने लायक रही।