अशोकपुर चाचू सराय में ‘आदिशक्ति–रामभक्ति’ रामलीला का भव्य मंचन, पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने किया उद्घाटन

रामनगर (बाराबंकी)। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान लखनऊ एवं आदर्श सेवा संस्थान बाराबंकी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘आदिशक्ति–रामभक्ति’ रामलीला का भव्य मंचन ग्राम अशोकपुर चाचू सराय में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के लेखक-निर्देशक ललित सिंह पोखरिया एवं आयोजन प्रभारी सुरेश चंद्र शर्मा के कुशल निर्देशन में संस्कृत भाषा में मंचित रामलीला अत्यंत भव्य, प्रभावशाली और सराहनीय रही। कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंचित नाटक ‘आदिशक्ति रामशक्ति’ में सनातन संस्कृति के दर्शन और मूल्यों पर बाहरी व भीतरी आसुरी शक्तियों के प्रकोप को दैवीय शक्तियों द्वारा पराजित किए जाने का संदेश दिया गया। नाटक के माध्यम से यह भी दर्शाया गया कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम द्वारा असुरराज रावण के विनाश के लिए अपने भीतर दैवीय शक्ति के जागरण का संदेश आज भी समाज को प्रेरित करता है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष विनय मिश्रा, मंडल महामंत्री अमित भैया राम जी, रोहित मिश्रा, राजेश अवस्थी सहित ग्रामवासी और पार्टी पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण “जय श्री राम” के जयकारों से गुंजायमान रहा।
कार्यशाला प्रशिक्षक, नाट्यलेखक एवं निर्देशक ललित सिंह पोखरिया, डॉ. सुरेश चंद्र शर्मा, गोविंद शर्मा, अखिलेश शर्मा और रवि शर्मा ने मंच की साज-सज्जा व आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।