
कोसीकला। भारतीय जनता पार्टी द्वारा हाल ही में नगर पालिका परिषद कोसीकला के मनोनीत सभासदों की सूची जारी की गई, जिसमें सामाजिक समरसता को ध्यान में रखते हुए विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। सूची में ब्राह्मण समाज से अरुण शर्मा, क्षत्रिय समाज से ठाकुर हरेंद्र कुमार सिंह, दलित समाज से सौरभ वाल्मिक, सविता समाज से राजेंद्र प्रसाद सविता तथा जैन समाज से नगर के प्रमुख पेट्रोल पंप कारोबारी विकास जैन की पत्नी श्वेता जैन को शासन द्वारा नामित किया गया है।
नामांकन के बाद श्वेता जैन ने कहा कि नगर में अध्यक्ष द्वारा विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं, लेकिन उनका प्रयास रहेगा कि इन कार्यों को और गति दी जाए। उन्होंने बताया कि शहर में मीठे पानी की समस्या को देखते हुए जल्द ही विभिन्न स्थानों पर आरओ प्लांट स्थापित कराने की योजना बनाई जाएगी, ताकि नगरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया।
श्वेता जैन ने अपने पारिवारिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके परिवार में तीन पीढ़ियों से जनसेवा की परंपरा रही है। उनके ददिया ससुर ईश्वर चंद्र जैन, ससुर कैलाश चंद जैन तथा उनके पति विकास जैन भी सभासद रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि समाज सेवा उनके परिवार की परंपरा है और वह इसे पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाएंगी।