2027 में 2017 से बड़ी जीत का दावा, विकास कार्यों पर जनता का भरोसा: केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों के आधार पर भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 से भी बड़ी जीत हासिल करेगी। वह नव वर्ष के अवसर पर आयोजित पुस्तक विमोचन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से हजारों लोगों का उपचार कराया गया है, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि जो प्रदेश कभी “बीमारू राज्य” के रूप में जाना जाता था, आज वही विकास की धुरी बन चुका है।
कार्यक्रम में मौजूद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि नवरात्रि के पावन पर्व पर सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि जनता ने “मेवा वाले” की जगह “सेवा वाले” को और “दंगा वालों” की जगह “गंगा वाले” को अवसर दिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों के उत्थान के लिए लगातार काम किया है, जिसका सबसे अधिक लाभ उत्तर प्रदेश को मिला है। 2017 के बाद से योगी सरकार ने प्रदेश की पहचान बदलने का काम किया है और कानून व्यवस्था को मजबूत कर “गुंडाराज” समाप्त किया है।
केशव मौर्य ने जनता से अपील करते हुए कहा कि फर्जी “PDA” की धज्जियां उड़ाकर विकास और राष्ट्रहित की राजनीति को समर्थन दें। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनावों में पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में भी भाजपा की सरकार बनेगी। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की हैट्रिक तय है।