
जैतपुर। हिंदू नव वर्ष संवत 2083 विक्रमी के अवसर पर गुरुवार को सिद्धांतराज डिग्री कॉलेज के प्रांगण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जैतपुर नगर खंड द्वारा वर्ष प्रतिपदा कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आद्य सरसंघचालक प्रणाम एवं ध्वजारोहण के साथ हुई।
इस अवसर पर जिला संपर्क प्रमुख योगेंद्र परिहार ने अपने बौद्धिक में आद्य सरसंघचालक परम पूजनीय डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन, उनके संघर्षों, स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान एवं जेल यात्राओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में संघ की स्थापना, शाखा पद्धति तथा शाखाओं में होने वाले योग, प्राणायाम, व्यायाम, खेल, अमृत वचन, एकल गीत एवं गणगीत जैसी गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्र प्रेम की भावना विकसित करने पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने संघ रूपी वटवृक्ष एवं उसके विभिन्न आनुषांगिक संगठनों की गतिविधियों के साथ शताब्दी वर्ष में चल रहे कार्यक्रमों—हिंदू सम्मेलन, गृह संपर्क अभियान, सामाजिक सद्भाव बैठक, प्रमुख जन गोष्ठी, बाल कुंभ, युवा शक्ति सम्मेलन तथा शाखा विस्तार—के साथ पंच परिवर्तन विषय पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कमलेश जैन (नगर संघचालक), शिववीर राठौड़ (नगर कार्यवाह), विजय चौधरी, भूपेंद्र भदौरिया (वरिष्ठ भाजपा नेता), कैप्टन प्रवेश सिंह भदौरिया, ध्रुवराज सिंह भदौरिया, भाव सिंह नरवरिया, सुभाष भदौरिया (डीलर), सुधीर नरवरिया, मनीष बरुआ सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।