
संग्रामपुर/अमेठी। जनपद अमेठी के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे सांसद किशोरीलाल शर्मा ने दौरे के दूसरे दिन विकासखंड संग्रामपुर क्षेत्र स्थित मां कालिका धाम मंदिर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था समाज की मूल शक्ति है, जो लोगों को एकजुट रखती है और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है।
इसके बाद सांसद ने मिसरौली में आयोजित मिसरौली प्रीमियर लीग सीजन-2 (एमपीएल-2) का फीता काटकर भव्य शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करता है।
दौरे के दौरान सांसद ने संग्रामपुर क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में भी भाग लिया। उन्होंने पूरे हरिवंश निवासी असीम मिश्र (गोलू) के पिता के त्रयोदश कार्यक्रम में पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही अम्मरपुर निवासी कांग्रेस नेता बलवर्मा के यहां पहुंचकर क्षेत्रीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
सांसद ने कहा कि वह क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वे हर संभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजीव सिंह, यूथ जिलाध्यक्ष शुभम सिंह, योगेंद्र शुक्ला, ओम प्रकाश द्विवेदी, अरविंद चतुर्वेदी, ब्लॉक अध्यक्ष बृजेश मिश्र, विजेन्द्र सिंह लोहा, विनोद मिश्रा, सभाजीत शुक्ला, राकेश मौर्या, शिवेन्द्र विक्रम सिंह, विनोद सिंह विन्नू, दिलीप तिवारी, अम्बेश शुक्ला, मनोज सिंह सहित कांग्रेस के दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।