लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मौसम ने अचानक करवट ले ली। मंगलवार रात तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जिसने सुबह तक तेज बारिश का रूप ले लिया। सुबह झमाझम बारिश ने पूरे शहर के मौसम को खुशनुमा बना दिया। शहर के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा। मार्च के आखिरी दिनों में लगातार बढ़ रही गर्मी पर अप्रैल की शुरुआत में हुई बारिश ने ब्रेक लगा दिया, जिससे तापमान में करीब 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
ठंडी हवाओं के बीच 19 डिग्री तक गिरा तापमान
बुधवार सुबह लखनऊ का तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ठंडी हवाओं के झोंकों के साथ लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। मौसम विभाग के अनुसार, मौसम का यह बदला हुआ रुख अगले 24 से 48 घंटों तक बना रह सकता है। इस दौरान लखनऊ और आसपास के इलाकों में बादलों की गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है।
पश्चिमी यूपी में भी बदला मौसम, ओलावृष्टि की चेतावनी
मंगलवार शाम से ही मौसम का रुख बदलने लगा था। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी आसमान में बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। मौसम विभाग ने क्षेत्र के कुछ हिस्सों में मौसम के और बिगड़ने की आशंका जताई है, साथ ही ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है।
बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, गेहूं की फसल पर खतरा
बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में पहले ही बारिश के कारण गेहूं की फसल को नुकसान हो चुका है। ऐसे में अगर तेज हवाओं के साथ दोबारा बारिश होती है, तो तैयार खड़ी गेहूं की फसल को और अधिक नुकसान पहुंचने की आशंका है, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ सकती है।