
लखनऊ। राजधानी के नवयुग कन्या महाविद्यालय में बीएससी अंतिम वर्ष की छात्राओं के लिए एक भावुक एवं उत्साहपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय द्वारा दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर अतिथि स्वागत की परंपरा निभाते हुए प्रो. ऋचा शुक्ला ने प्राचार्या का स्वागत किया। वहीं निर्णायक मंडल में शामिल अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. शर्मिता नंदी का अभिनंदन प्रो. मंजू गुप्ता ने तथा अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता कोतवाल का स्वागत प्रो. निनी कक्कड़ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, नाटिका और कविताओं ने किया भावुक
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत द्वितीय वर्ष की छात्राओं के समूह नृत्य से हुई। इसके बाद ‘महाभारत’ पर आधारित एक प्रभावशाली नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसमें “सुनो द्रौपदी, अब गोविंद न आएंगे” संदेश के माध्यम से नारी सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का महत्व दर्शाया गया। इसी क्रम में अंतिम वर्ष की छात्राओं जीनत बानो और प्राची तिवारी ने अपनी स्वयं रचित कविताओं का पाठ किया, जिसने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया।
‘ड्रीमी डिल्यूजन’ और नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
कार्यक्रम के अगले चरण में प्रथम वर्ष की छात्राओं ने ‘ड्रीमी डिल्यूजन’ थीम पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर वास्तविकता में जीने का संदेश दिया। साथ ही “म्हारी छोरियां छोरों से कम हैं के” की भावना को मंच पर साकार करते हुए छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय दिया। इसके अतिरिक्त समूह नृत्य और डुओ प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का समापन द्वितीय वर्ष की छात्राओं द्वारा हॉरर थीम पर आधारित रोमांचक नृत्य से हुआ।
‘मिस फेयरवेल’ प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र
समारोह का मुख्य आकर्षण ‘मिस फेयरवेल’ प्रतियोगिता रही, जो तीन चरणों में आयोजित की गई। रैंप वॉक, टैलेंट राउंड और प्रश्नोत्तर राउंड के माध्यम से छात्राओं के व्यक्तित्व, प्रतिभा और बुद्धिमत्ता का मूल्यांकन किया गया। इस दौरान प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने और महाविद्यालय के संस्कारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

सृष्टि मिश्रा बनीं ‘मिस फेयरवेल 2026’, अन्य विजेताओं को भी मिला सम्मान
प्रतियोगिता के परिणामों में सृष्टि मिश्रा को ‘मिस फेयरवेल 2026’ का खिताब प्रदान किया गया। प्रज्ञा पटवा प्रथम रनर-अप और शताक्षी त्रिवेदी द्वितीय रनर-अप घोषित की गईं। वहीं अमनदीप कौर को ‘मिस बेस्ट ड्रेस्ड’ तथा प्राची तिवारी को ‘मिस बेस्ट स्माइल’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
प्रभावी संचालन और भावुक विदाई के साथ कार्यक्रम संपन्न
कार्यक्रम का संचालन द्वितीय वर्ष की छात्राएं अनुष्का और संजना ने अपनी प्रभावी वाक्पटुता और शायरी के साथ किया, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह बना रहा। अंत में छात्राओं ने अपने गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त किया और सामूहिक तस्वीरों के माध्यम से इन यादगार पलों को संजोया। समारोह में विज्ञान संकाय की सभी प्रवक्ताएं उपस्थित रहीं।