वीडियो में कैद-मिर्जापुर में दिनदहाड़े वकील की हत्या: मॉर्निंग वॉक पर गए अधिवक्ता को बदमाशों ने मारी गोली

मिर्जापुर। जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने दिनदहाड़े एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब अधिवक्ता राजीव कुमार सिंह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार दो हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। इनमें से एक गमछा बांधे हुए हमलावर वकील के बिल्कुल पास पहुंचा और देशी तमंचे से गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


हैरान करने वाली बात यह रही कि वारदात के बाद बदमाशों की बाइक तुरंत स्टार्ट नहीं हो सकी। बाइक पर बैठे दूसरे आरोपी ने करीब 19 बार किक मारकर स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस दौरान गमछाधारी हमलावर ने तमंचा बाइक के बैग में रख दिया और फिर तीन बार की कोशिश के बाद बाइक स्टार्ट हो सकी।
इसी दौरान दूसरे बदमाश ने वहां से गुजर रहे दो लोगों को तमंचा दिखाकर डराया और पास आने से रोक दिया। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।