शाहजहांपुर में दरवाज़े पर मौत की दस्तक, पत्नी के सामने ही घर से बाहर खींचकर मारी गोली, आरोपी फ़रार

मदनापुर थाना क्षेत्र का मामला, 3 के खिलाफ FIR दर्ज़, इलाके में दहशत

मदनापुर, शाहजहांपुर। शाहजहांपुर के थाना मदनापुर इलाके में एक सनसनीखेज़ मामला सामने आया है जहां ज़मीनी रंजिश को लेकर एक शख्स की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक का नाम श्याम सुंदर है. जानकारी के मुताबिक 14 अप्रैल 2026 को रात 11 बजे के करीब कुछ लोगों ने शिखा देवी के घर पर दस्तक दी. जैसे ही शिखा देवी और उनके पति श्याम सुंदर ने दरवाज़ा खोला, तभी दरवाजे पर खड़े लोग उन्हें गालियां देने लगे और शिखा देवी के पति श्याम सुंदर को घसीटते हुए बाहर ले गए और गोली मार दी.

शिखा देवी की आवाज़ सुनकर घर के बाकी लोग भी बाहर निकले जिन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए. इस मामले में पुलिस ने बरीखास थाना मदनापुर इलाके के ही निवासी अजयभान और विजयभान पुत्र धनवीर और धनवीर पुत्र श्याम पाल और एक अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.

घटना के पीछे ज़मीनी रंजिश बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ने में सफलता पाई है और अन्य की तलाश जारी है.