
लखनऊ। राजधानी के नवयुग कन्या महाविद्यालय में सत्र 2025-26 का वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह प्रबंधक विजय दयाल के संरक्षकत्व और प्राचार्या प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय की अध्यक्षता में भव्य रूप से आयोजित किया गया। समारोह में प्राचार्या द्वारा अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक स्वरूप पौधा भेंट कर किया गया। दीप स्तुति एवं सरस्वती वंदना बीए चतुर्थ सत्र की छात्रा मुस्कान मिश्रा द्वारा प्रस्तुत की गई। इसके बाद प्राचार्या ने महाविद्यालय की वार्षिक शैक्षणिक प्रगति आख्या 2024-25 प्रस्तुत करते हुए संस्थान की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
इस विशेष मौके पर मुख्य अतिथि और एमएलसी पवन सिंह चौहान ने कहा कि संघर्ष और सहनशीलता ही व्यक्ति को महान बनाते हैं। उन्होंने संस्थापक स्वर्गीय दीन दयाल को स्मरण करते हुए कहा कि शिक्षा संस्थान की स्थापना के पीछे की भावना विद्यार्थियों के जीवन में आशीर्वाद स्वरूप झलकती है। उन्होंने छात्रों को गुरुजनों के सम्मान, सकारात्मक सोच, अच्छी पुस्तकों, मित्रों और आदर्शों को जीवन में अपनाने की सलाह दी।
ज्ञान के सदुपयोग और चरित्र निर्माण पर दिया जोर
उच्च शिक्षा अधिकारी प्रोफेसर अश्विनी कुमार उपाध्याय ने महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि विज्ञान का उपयोग मानवता की सेवा के लिए होना चाहिए। उन्होंने ज्ञान के सदुपयोग और चरित्र निर्माण पर जोर दिया। वहीं राष्ट्र सेविका समिति की क्षेत्र प्रचारिका कुमारी शशि ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में नारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों को बनाए रखते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
61 मेधावी छात्राओं को मिला सम्मान
मेडल समिति की समन्वयक प्रोफेसर ज्योत्सना गौतम के निर्देशन में जारी सूची के अनुसार सत्र 2024-25 की बीए, बीएससी, बीएड, एमए और एमकॉम की कुल 61 मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसमें 40 स्वर्ण, 11 रजत और 10 कांस्य पदक शामिल रहे। समग्र उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘नवयुग रत्न’ सम्मान बीए की छात्रा नेहा कुमारी को प्रदान किया गया।

वहीं अस्मिता अवस्थी को सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर चंद्रावती गोल्ड मेडल सहित तीन पदक मिले। बीएससी की छात्रा आयुषी शुक्ला को ज्ञानवती जलोटे एवं घनानंद गोल्ड मेडल के तहत स्वर्ण एवं रजत पदक प्रदान किए गए। बीकॉम की रिया यादव और बीएड की छात्रा श्रद्धा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण व रजत पदक दिए गए, जबकि एमकॉम की छात्रा रीतिका शर्मा को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
शोध और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी उत्कृष्टता
रिसर्च एंड डेवलपमेंट समिति द्वारा उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए रसायन शास्त्र विभाग की डॉ. नेहा अग्रवाल, डॉ. सुनीता सिंह तथा वाणिज्य विभाग की डॉ. प्रतिमा घोष को ‘रिसर्च एक्सीलेंस अवॉर्ड’ प्रदान किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रोफेसर सीमा सरकार के निर्देशन में विभिन्न प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें सलोनी सिंह द्वारा जौहर नृत्य, काव्योम संस्था द्वारा ‘महाभारत’ पर काव्य रास और श्रेया व उनकी टीम द्वारा ‘शक्ति गरबा’ विशेष आकर्षण रहे।
समारोह का सफल संचालन और समापन
कार्यक्रम का संचालन समाजशास्त्र विभाग की अध्यक्ष डॉ. विनीता सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर संगीता कोतवाल द्वारा दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न शिक्षाविदों, प्राचार्यों, शिक्षकों एवं महाविद्यालय के कर्मचारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन ‘वंदे मातरम’ राष्ट्रगीत के साथ हुआ।