शुष्क मौसम और गर्म पछुआ हवाओं से यूपी में तापमान 40°C पार, बांदा सबसे गर्म

शुष्क मौसम और गर्म पछुआ हवाओं से यूपी में तापमान 40°C पार, बांदा सबसे गर्म
लखनऊ। प्रदेश में शुष्क मौसम और गर्म पछुआ हवाओं के प्रभाव से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले एक सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिसके चलते कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है और सामान्य से ऊपर बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में बीते दिनों से सबसे अधिक गर्म रहने वाले जिलों में बांदा शीर्ष पर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.4°C दर्ज किया गया। वर्तमान में किसी सक्रिय मौसम तंत्र के अभाव में अगले 2-3 दिनों तक शुष्क पछुआ हवाएं जारी रहने की संभावना है, जिससे तापमान में हल्की और बढ़ोतरी हो सकती है।
हालांकि, कर्नाटक और महाराष्ट्र क्षेत्र में बने प्रतिचक्रवात के मध्य भारत की ओर खिसकने और आगामी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके चलते हवाओं की दिशा में परिवर्तन और आंशिक बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में मामूली गिरावट संभव है।
फिलहाल, मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है, ऐसे में लोगों को गर्मी और लू जैसे हालात से सतर्क रहने की जरूरत है।