
लखनऊ, 16 अप्रैल 2026। प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गुलाब देवी के निर्देशन में राज्य के सभी राजकीय एवं सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” के अंतर्गत “नारी शक्ति वंदन जागरूकता कार्यक्रम” का शुभारंभ किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं और समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, समानता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।इसी क्रम में गुरुवार को विद्यालयों में छात्राओं, शिक्षिकाओं और महिला अभिभावकों ने “सशक्त नारी-विकसित भारत” का संदेश देते हुए मानव श्रृंखला बनाकर जागरूकता का प्रसार किया। यह पहल विद्यालयों से निकलकर समाज तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास है।आगामी 17 और 20 अप्रैल को विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें आत्मरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन, वाद-विवाद, निबंध और भाषण प्रतियोगिता, कविता, पोस्टर एवं स्लोगन निर्माण के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल रहेंगे।इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को महिला अधिकारों, शिक्षा के महत्व, लैंगिक समानता और समाज में महिलाओं की भूमिका के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाया जा रहा है। यह पहल नई पीढ़ी में सकारात्मक सोच विकसित करने और महिला सशक्तिकरण को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों, जिला विद्यालय निरीक्षकों और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यालयों में इन गतिविधियों को सहभागितापूर्ण और व्यवस्थित ढंग से आयोजित कराएं, साथ ही स्थानीय स्तर पर समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी भी सुनिश्चित करें।