
कासगंज। पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह द्वारा पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में जनपद के समस्त चौकी प्रभारियों के साथ अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को और प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान एसपी ने सभी चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि थाना स्तर पर आने वाली जन शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि थाने पर आने वाले फरियादियों के साथ मधुर और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए, जिससे पुलिस की छवि बेहतर बने।
एसपी ओम प्रकाश सिंह ने लंबित विवेचनाओं को निर्धारित समयावधि में पूरा करने, विभिन्न पोर्टलों पर सूचनाओं की फीडिंग में सुधार लाने तथा हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सर्राफा बाजार सहित प्रमुख स्थानों पर नियमित फुट पेट्रोलिंग करने और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी अधिकारी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि जनपद में शांति और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।