शामली में भीषण गर्मी का कहर! पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया है

शामली। जिले में भीषण गर्मी का सितम बढता जा रहा है। सुबह से ही तेज धूप और दोपहर के समय लू चलने से लोग परेशान हैं। दोपहर के समय बाजार भी सूने दिखाई दे रहे हैं, वहीं सडकों पर सन्नाटा पसर जाता है। शाम होने पर ही लोग खरीदारी करने के लिए निकल रहे हैं। गर्मी के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से भी कतरा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है। कई जिलों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्यिस के पार पहुंच गया है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। दोपहर के समय लू के थपेड़ों से लोग बेहाल हैं और आवश्यक कार्य के बिना घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। शामली जिले में भी यही स्थिति देखी जा रही है।

सुबह नौ बजे से ही सूरज की तपिश लोगों को झुलसाने लगती है। दोपहर होते-होते आसमान से आग बरसने का एहसास होने लगता है। कई दिनों से पारा लगातार 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना है। दोपहर के समय लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। जरूरी होने पर ही लोग पूरे बदन को ढककर और छाते का सहारा लेकर बाहर निकल रहे हैं।

गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। गन्ने का रस, लस्सी और बेल के शरबत की दुकानों पर भारी भीड़ देखी जा रही है। दोपहिया वाहन चालक और पैदल चलने वाले लोग गर्मी से बचाव के लिए सिर पर कपड़ा लपेटकर या छाते का सहारा लेकर यात्रा कर रहे हैं।