ऑटो में छूटा जेवरात-सामान से भरा बैग पुलिस ने 48 घंटे में किया बरामद: CCTV कैमरों की मदद से मिला सामान

लखनऊ। राजधानी के थाना कैसरबाग क्षेत्र में एक महिला का ऑटो में छूटा कीमती सामान से भरा बैग पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खोज निकाला। मिली जानकारी के अनुसार 23 अप्रैल को रेखा पाल, पत्नी रामदास, निवासी लालधाम बुद्धेश्वर ने थाना कैसरबाग में लिखित सूचना दी कि वह दुबग्गा से ऑटो में सवार होकर कैसरबाग बस अड्डे के पास हाता पुलिस चौकी के सामने उतरी थीं।

इसी दौरान उनका बैग ऑटो में ही छूट गया, जिसमें कपड़े, आवश्यक वस्तुएं और पीली धातु के जेवरात रखे हुए थे। महिला ऑटो का नंबर बताने में असमर्थ थीं, जिससे मामला चुनौतीपूर्ण बन गया।

110 सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया

सूचना मिलते ही कैसरबाग पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक विशेष टीम गठित की और अज्ञात ऑटो की तलाश शुरू की। पुलिस ने आईटीएमएस कैमरों की मदद से करीब 110 सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। कड़ी मेहनत और तकनीकी विश्लेषण के बाद 25 अप्रैल 2026 को ऑटो की पहचान कर उसे ढूंढ निकाला गया। तलाशी लेने पर महिला का बैग ऑटो में सुरक्षित अवस्था में मिला।

सभी सामान पुलिस ने किया सुपुर्द

पुलिस ने तत्काल इसकी सूचना रेखा पाल को दी, जिसके बाद वह अपने परिजनों के साथ थाना कैसरबाग पहुंचीं। उनकी मौजूदगी में बैग को खोला गया, जिसमें सभी कपड़े, जरूरी सामान और जेवरात सुरक्षित पाए गए। प्रार्थिनी ने मौके पर ही अपने सामान की पहचान की, जिसके बाद पुलिस ने पूरा सामान उन्हें सुपुर्द कर दिया। जिसके बाद महिला और उनके परिजन सकुशल घर लौट गए।