बांदा में पारा 47.4°C पर पहुंचा, 27 अप्रैल तक लू चलने के आसार


लखनऊ। प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बांदा जनपद में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो इस मौसम का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 27 अप्रैल तक उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लू चलने की संभावना बनी हुई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार निचले क्षोभ मंडल में गर्म पछुआ हवाओं के साथ आंतरिक महाराष्ट्र के आसपास बने प्रतिचक्रवात के प्रभाव से प्रदेश के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसके कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, आगरा, शाहजहांपुर, जालौन, बरेली, मुजफ्फरनगर और अलीगढ़ सहित कई जिलों में लू की स्थिति बनी हुई है।
पूर्वांचल के हरदोई, बाराबंकी, अमेठी, बलिया, वाराणसी, बांदा और प्रयागराज में भी उष्ण लहर (लू) के हालात देखे जा रहे हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जिससे लू का प्रभाव जारी रहेगा। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में उष्ण रात्रि (गर्म रातें) की भी संभावना जताई गई है।
हालांकि 27 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं। एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट वर्षा शुरू हो सकती है, जो धीरे-धीरे पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगी। इसके चलते तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लू की स्थिति में राहत मिल सकती है।
राजधानी लखनऊ में भी 26 और 27 अप्रैल को कहीं-कहीं लू चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं।