लखनऊ के GPO पर सपा के खिलाफ पर्वतीय व सैन्य समाज का प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में GPO लखनऊ स्थित गांधी प्रतिमा के पास आज पर्वतीय समाज और पूर्व सैनिकों ने बड़ा प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन लखनऊ की महापौर सुषमा खरखवाल के सम्मान में किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए “सपा की पहचान, नारी शक्ति का अपमान” जैसे नारों से अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पर्वतीय समाज के लोग और पूर्व सैनिक शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि महापौर के आवास पर नेम प्लेट के साथ हुई कथित बदसलूकी बेहद निंदनीय है। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव से इस मामले में सार्वजनिक माफी मांगने और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि महिला जनप्रतिनिधियों का सम्मान समाज की जिम्मेदारी है और किसी भी तरह की अभद्रता स्वीकार नहीं की जाएगी। पूर्व सैनिकों ने भी इस घटना को अनुशासन और सम्मान के खिलाफ बताया।

प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन माहौल में आक्रोश साफ दिखाई दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।