
लखनऊ। राजधानी के थाना इंटौजा क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुमरांवा रोड स्थित सोनारन पुरवा के पास ट्रक और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इंटौजा पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अरविंद तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां ट्रक संख्या UP34C9129 और मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर में बाइक सवार प्रशांत सिंह (25), निवासी बाहरगांव सिवरी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
दूसरा युवक गंभीर, ट्रामा सेंटर में भर्ती
हादसे में घायल दूसरे युवक वीरपाल सिंह (30), निवासी माधवपुर मरपा, को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे केजीएमयू के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
परिजनों के अनुसार, दोनों युवक आपस में मित्र थे और बीती रात बाराबंकी में एक शादी समारोह में शामिल होकर सुबह अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुमरांवा रोड पर यह हादसा हो गया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, केस दर्ज
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
ट्रक चालक फरार, तलाश जारी
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही जारी है।