
लखनऊ। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोमवार को लखनऊ में प्रेसवार्ता के दौरान स्मार्ट मीटर को लेकर प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर अब ‘स्मार्ट चीटर’ बनकर जनता को लूट रहे हैं और इनकी रफ्तार मिल्खा सिंह से भी तेज हो गई है। उन्होंने कहा कि जहां पहले 1500 रूपए का बिजली बिल आता था, वहीं अब 6000-7000 रूपए तक बिल पहुंच रहा है और प्रीपेड मीटर में रिचार्ज के बाद भी 10-12 घंटे बिजली बहाल नहीं होती।
इसी के साथ राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने रोजगार दो–सामाजिक न्याय दो पदयात्रा के पांचवें चरण की घोषणा करते हुए बताया कि यह यात्रा 16 मई से मेरठ से शुरू होकर 20 मई को गाजियाबाद में समाप्त होगी, जिसमें रोजगार, सामाजिक न्याय और किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
3 मई से प्रदेश में स्मार्ट मीटर के खिलाफ चलेगा आंदोलन
आप के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी 3 मई से पूरे उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी, जिसमें हस्ताक्षर अभियान, जनजागरण और विरोध प्रदर्शन शामिल होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगाए गए लगभग 80 लाख मीटरों में से 70 लाख प्रीपेड मीटर हैं, जो जनता को ठगने का काम कर रहे हैं।
केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का लगाया आरोप
प्रेसवार्ता के दौरान अन्य मुद्दों पर पूछे गए प्रश्नों के जवाब में संजय सिंह ने कहा कि लखनऊ विश्वविद्यालय में फीस में भारी बढ़ोतरी छात्रों के साथ अन्याय है और इस पर वह सरकार को पत्र लिखकर विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर विश्वास जताया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में एकतरफा जीत होगी, जबकि केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
न्यायपालिका के सम्मान की रक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी
न्यायपालिका से जुड़े सवाल पर संजय सिंह ने कहा कि निष्पक्षता लोकतंत्र की आत्मा है और जब किसी जज की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं तो उन्हें स्वयं उस मामले से अलग हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका के सम्मान की रक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी है, जिसमें न्यायाधीश स्वयं भी शामिल हैं। वहीं स्वास्थ्य और शिक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं में ये क्षेत्र नहीं हैं, जिसका परिणाम है कि मिर्जापुर में एंबुलेंस के बाहर महिला का प्रसव जैसी घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जाति और धर्म के नाम पर राजनीति कर रही है और मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी कर रही है।
ऑपरेशन लोटस का जवाब ऑपरेशन पीटस
राघव चड्ढा के पार्टी छोड़ने के सवाल पर संजय सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा दबाव और एजेंसियों के जरिए अन्य दलों को तोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी अब सतर्क है और पंजाब में “ऑपरेशन लोटस” का जवाब “ऑपरेशन पीटस” से दिया जाएगा।
केंद्रीय बलों के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास
एसआईआर और चुनावी प्रक्रिया पर बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वोटों की चोरी और केंद्रीय बलों के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। संजय सिंह ने कहा कि बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दे तभी प्राथमिकता में आएंगे जब जनता इन मुद्दों पर वोट करेगी और जिम्मेदार नेतृत्व चुनेगी।