दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे पीएम मोदी: महिला सम्मेलन समेत कई कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा

लखनऊ/वाराणसी। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विशेष विमान ‘एयर इंडिया वन’ से उतरते ही उनका भव्य स्वागत किया गया। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया।

इस खास मौके पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने यहां कुछ देर तक मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट जनों से बातचीत की, जिसके बाद वे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वायुसेना के हेलीकॉप्टर से बरेका के लिए रवाना हो गए। बरेका के अस्थायी हेलीपैड पर भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

बीजेपी नेताओं और पदाधिकारियों ने पीएम मोदी का किया स्वागत

वाराणसी पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बरेका इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित एक भव्य महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। खास बात यह है कि इस कार्यक्रम में मंच से लेकर गैलरी तक केवल महिलाओं की ही उपस्थिति रहेगी। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री महिला सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और समान अवसर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद करेंगे। भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम स्थल पर उनका स्वागत किया, जिनमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल रहे। यह प्रधानमंत्री मोदी का वाराणसी का 54वां दौरा है, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

6332 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, नई ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी

इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री वाराणसी को 6332 करोड़ रुपये की 163 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 1054.69 करोड़ रुपये की 50 परियोजनाओं का लोकार्पण और 5277.39 करोड़ रुपये की 113 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। साथ ही, बनास (अमूल) से जुड़े प्रदेश के लाखों दुग्ध उत्पादक किसानों के खातों में 105 करोड़ रुपये का बोनस भी ट्रांसफर किया जाएगा। प्रधानमंत्री दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों—बनारस से पुणे (हडपसर) और अयोध्या से मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और उसके बाद अन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

बीजेपी अध्यक्ष ने काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर किया दर्शन-पूजन

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया गया। इस दौरान केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी समेत उत्तर प्रदेश सरकार में उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल मौजूद रहे।