
रामनगर (बाराबंकी)। थाना रामनगर क्षेत्र के ग्राम पंचायत अमोली कीरतपुर निवासी लक्ष्मी शंकर (35) की लखनऊ में एक निर्माणाधीन स्थल पर दीवार गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मी शंकर गुरुवार सुबह करीब 5 बजे रोज की तरह मजदूरी के लिए लखनऊ गए थे। उनका काम विभूति खंड स्थित एक अस्पताल के निर्माण स्थल पर लगा था। बताया जा रहा है कि बुनियाद की सफाई के दौरान पास की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे वह मिट्टी में दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू कर उन्हें बाहर निकाला। गंभीर हालत में एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
मृतक के परिवार की स्थिति बेहद दयनीय है। उनकी मां पिछले दो वर्षों से पैरालिसिस के चलते बिस्तर पर हैं, वहीं पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। लक्ष्मी शंकर अपने पीछे 10 माह की मासूम बेटी को छोड़ गए हैं। परिवार में दो बहनों की शादी भी बाकी है और घर की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और परिवार के लिए मदद की मांग की है।