
लखनऊ। राजधानी के विभूतिखंड इलाके में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया, जहां एनटीपीसी बिल्डिंग और साइबर हाइट्स के पास निर्माणाधीन अस्पताल की दीवार अचानक गिर गई। घटना उस समय हुई जब नींव के पास खुदाई का काम चल रहा था। खुदाई के दौरान दीवार के पीछे की मिट्टी खिसक गई, जिससे दो मजदूर उसके नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद एक मजदूर को अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया।
घायल मजदूर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान बाराबंकी के रामनगर निवासी 35 वर्षीय लक्ष्मी शंकर अवस्थी के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे मजदूर तुलसीराम को मामूली चोटें आई हैं और उसे डॉ राम मनोहर लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
क्या कहना है प्रत्यक्षदर्शियों का
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय दो मजदूर नींव की सफाई कर रहे थे, तभी अचानक मिट्टी खिसक गई और दोनों उसमें दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने करीब आधे घंटे तक खुद ही मिट्टी हटाकर उन्हें निकालने की कोशिश की। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 40 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों मजदूर पास के ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
अस्पताल का चल रहा है निर्माण कार्य
घटना की सूचना मिलने पर लखनऊ विकास प्राधिकरण के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि संबंधित भूखंड का नक्शा प्राधिकरण से पास है और निर्माण कार्य वैध रूप से किया जा रहा था। हालांकि, हादसे के कारणों की जांच अब पुलिस द्वारा की जा रही है। जिस जमीन पर यह दुर्घटना हुई, वहां अस्पताल का निर्माण कार्य जारी था।