
लखनऊ। लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या की इस वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने पुरानी रंजिश, उधारी विवाद और दबंगई से परेशान होकर युवक को शराब पार्टी के बहाने बुलाया और फिर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल अवैध तमंचा, खोखा कारतूस और मृतक के मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
भाई की तहरीर पर दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा
पुलिस के मुताबिक 06 मई को रेवतापुर सकूरपुर निवासी जितेन्द्र कुमार यादव ने थाना सुशांत गोल्फ सिटी में तहरीर देकर अपने भाई सचिन यादव की हत्या किए जाने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर थाना सुशांत गोल्फ सिटी में मुकदमा संख्या 0288/2026 धारा 103(1)/3(5)/351(3) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया।
वहीं घटना के खुलासे के लिए थाना स्तर पर चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। इसके साथ ही सर्विलांस सेल की टीम को भी जांच में लगाया गया। पुलिस जांच में पता चला कि सचिन यादव का शव 05 मई 2026 को अवध विहार योजना सेक्टर-8 स्थित एक खाली मैदान में मिला था।
शराब और मुर्गा पार्टी के बाद रची गई हत्या की साजिश
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि 03 मई को सचिन यादव को कमल यादव और संतोष यादव के साथ मैदान के पीछे खाली स्थान पर शराब और मुर्गा पार्टी करते हुए देखा गया था। पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर दोनों संदिग्धों को सेक्टर-8 अवध विहार योजना क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान कमल सिंह यादव उर्फ टिंकू पुत्र स्वर्गीय सुनील सिंह यादव निवासी देवामऊ, थाना सुशांत गोल्फ सिटी और संतोष कुमार यादव पुत्र नन्द किशोर यादव निवासी धावाहार, थाना सुशांत गोल्फ सिटी के रूप में बताई। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस और मृतक के दो मोबाइल फोन बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में 3/25/27 आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
गुमटी विवाद और उधारी को लेकर बढ़ा था तनाव
पुलिस पूछताछ में आरोपी कमल सिंह यादव ने बताया कि भट्ठा चौराहे पर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के पास उसके रिश्तेदार संतोष कुमार यादव ने गुटखा, सिगरेट और पानी की गुमटी लगा रखी थी। आरोप है कि सचिन यादव वहां से सामान लेकर पैसे नहीं देता था और पैसे मांगने पर धमकी देता था। इतना ही नहीं, वह ग्राहकों को भी गुमटी पर आने से रोकता था, जिससे संतोष को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और अंततः उसे गुमटी बंद करनी पड़ी।
इसी विवाद से नाराज होकर दोनों आरोपियों ने सचिन यादव की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 03 मई 2026 को अंग्रेजी शराब ठेके के पीछे खाली स्थान पर मुर्गा और शराब पार्टी आयोजित की गई, जिसमें सचिन यादव को भी बुलाया गया। आरोपियों ने उसे अधिक शराब पिलाई, जिससे वह नशे में हो गया। इसके बाद उसे बहाने से सेक्टर-8 अवध विहार योजना स्थित खाली मैदान में ले जाया गया।
कनपटी पर मारी गोली, मोबाइल नाली में फेंके
पुलिस के अनुसार, मैदान में दोबारा शराब पीने के दौरान कमल सिंह यादव पेशाब करने का बहाना बनाकर उठा, जबकि संतोष यादव ने सचिन को पकड़ लिया। इसी दौरान कमल ने तमंचे से सचिन यादव की कनपटी पर गोली मार दी। दोनों आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए। बाद में उन्होंने मृतक के मोबाइल फोन नाली में फेंक दिए और हत्या में इस्तेमाल तमंचे को बसेरा-2 के सामने सूखी पत्तियों के नीचे छिपा दिया। वहीं पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।