
लखनऊ। सेलेब्रेटी गार्डन अंसल गोल्फ सिटी में शुक्रवार को सांसद लखनऊ और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रेरणा से हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड की सीएसआर निधि से स्थापित ओपन जिम का उद्घाटन महापौर सुषमा खर्कवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि शहर में नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सार्वजनिक स्थलों पर ओपन जिम स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए लोगों का फिट और जागरूक होना आवश्यक है तथा इस प्रकार की सुविधाएं युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित करेंगी।
महापौर लखनऊ सुषमा खर्कवाल ने एचएएल की सीएसआर पहल की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के सहयोग से शहर में जनहित के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस सुविधा का नियमित उपयोग करें और अपने आसपास के लोगों को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करें।
स्थानीय लोगों में दिखा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। क्षेत्रवासियों ने ओपन जिम की स्थापना पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात बताया। इस मौके पर माननीय महापौर जी द्वारा सोसायटी की निवासी स्वस्ति जैन को हाईस्कूल में 99.2% लाने पर बधाई देकर सम्मानित भी किया।
कई प्रमुख लोग रहे मौजूद
इस मौके पर कार्यक्रम के आयोजक अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त सोसायटी के अध्यक्ष संदीप सोनी, उपाध्यक्ष आरती यादव, सचिव कृष्ण स्वरूप, कोषाध्यक्ष अनुग्रह मिश्रा, सदस्य नीलम मन्ना, सदस्य अवध बिहारी ,राजेश मटपाल, डॉ. दीपिका गुप्ता समेत सोसायटी के अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।