
रामनगर। क्षेत्र के कोरियन पुरवा में चल रही गांव कटान निरोधक परियोजना का शुक्रवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट Priyanshu Jha ने स्थलीय निरीक्षण किया। उनके साथ सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता और विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने करीब एक घंटे तक मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बालू भरी बोरियों, सिलाई कार्य और नायलॉन जाली में लगाई जा रही बोरियों को नजदीक से देखा। निर्माणाधीन प्लेटफार्म पर चलकर उसकी मजबूती और कार्य की गुणवत्ता की जांच भी की गई। मौके पर मौजूद जेई राहुल नारायण ने मानचित्र के माध्यम से परियोजना की पूरी जानकारी अधिकारियों को दी और चल रहे कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।
इसके बाद अधिकारी कोरियन पुरवा गांव पहुंचे, जहां करीब साढ़े चार सौ मीटर क्षेत्र में कराए जा रहे कटान निरोधक कार्य का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने तपेसिपाह गांव में ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। ग्रामीणों ने कटान से होने वाले नुकसान और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी बात रखी।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रियांशु झा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर परियोजना का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए ताकि बरसात के दौरान गांवों को कटान से सुरक्षित रखा जा सके।