चारबाग स्टेशन पर प्रदर्शन के बाद पल्लवी पटेल पर केस की तैयारी



लखनऊ। राजधानी के चारबाग रेलवे स्टेशन पर यूजीसी रेगुलेशन के समर्थन में हुए प्रदर्शन के बाद अपना दल (कमेरावादी) की नेता और विधायक Pallavi Patel पर रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मामले को गंभीर मानते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।जानकारी के अनुसार पल्लवी पटेल ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ चारबाग रेलवे स्टेशन से विधानसभा तक पैदल मार्च निकाला था। प्रदर्शन के दौरान वह रेलवे इंजन पर चढ़कर नारेबाजी करती नजर आईं। इसके अलावा रेलवे ट्रैक के पास भी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। रेलवे प्रशासन ने इसे सुरक्षा नियमों का उल्लंघन माना है। आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।यूजीसी रेगुलेशन के समर्थन में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा शामिल हुए। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए यूजीसी रेगुलेशन लागू करने की मांग उठाई।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पल्लवी पटेल ने केंद्र सरकार और न्यायपालिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यूजीसी रेगुलेशन को लागू करने में लगातार बाधाएं डाली जा रही हैं और वंचित तथा पिछड़े समाज को अधिकारों से दूर रखने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सुप्रीम कोर्ट तक अपनी बात मजबूती से रखेगी और जब तक यूजीसी रेगुलेशन लागू नहीं होगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा।चारबाग रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ यह पैदल मार्च विधानसभा पहुंचकर समाप्त हुआ, जहां कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन जारी रखा। अब रेलवे परिसर में प्रदर्शन और इंजन पर चढ़ने के मामले में आरपीएफ की कार्रवाई राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है।