
लखनऊ। लखनऊ के मलिहाबाद थानाक्षेत्र में देशी शराब ठेके पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक सेल्समैन की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप भी बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक 11 मई 2026 को हेमा पत्नी अजय कुमार जायसवाल उर्फ रिंकू जायसवाल निवासी मोहल्ला सैय्यदबाड़ा, कस्बा एवं थाना मलिहाबाद ने सूचना दी कि उनके पति अजय कुमार जायसवाल उर्फ रिंकू जायसवाल ग्राम ढेढेमऊ स्थित देशी शराब ठेके पर सेल्समैन के रूप में कार्य करते थे। आरोप है कि गांव ढेढेमऊ निवासी नन्हक्के कश्यप ने लोहे की पाइप से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बीच-बचाव करने आए युवक पर भी हमला
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे रज्जन लाल पुत्र मिश्रीलाल निवासी ग्राम पुरवा थाना मलिहाबाद को भी आरोपी ने मारपीट कर घायल कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही थाना मलिहाबाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 97/26 धारा 103(1)/109(1) बीएनएस के तहत आरोपी नन्हक्के कश्यप के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी गई। इसी क्रम में 11 मई 2026 की शाम करीब साढ़े सात बजे थाना मलिहाबाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी नन्हक्के कश्यप को समदा तालाब, कस्बा मलिहाबाद के पास से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुई हत्या में प्रयुक्त पाइप
पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की पाइप उसने ग्राम ढेढेमऊ में उमेश रावत के घर के पास तालाब किनारे छिपा दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर आलाकत्ल लोहे की पाइप बरामद कर ली। इसके बाद मुकदमे में धारा 238 बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई।
शराब खरीदने को लेकर हुआ था विवाद
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 11 मई की सुबह शराब खरीदने के लिए ग्राम ढेढेमऊ स्थित देशी शराब ठेके पर गया था। वहां ठेका बंद होने की बात को लेकर उसकी सेल्समैन अजय कुमार जायसवाल उर्फ रिंकू जायसवाल से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर उसने पास में पड़ी लोहे की पाइप से अजय कुमार के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौत हो गई।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि बीच-बचाव करने आए रज्जन लाल को भी उसने लोहे की पाइप से घायल कर दिया था। घटना के बाद वह हथियार को तालाब किनारे छिपाकर फरार हो गया था।
पुलिस ने न्यायालय में पेश करने की तैयारी की
मलिहाबाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।