पंचतत्व में विलीन हुए प्रतीक यादव: पत्नी अपर्णा के पिता ने दी दामाद को मुखाग्नि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। गुरुवार को लखनऊ के बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सैफई परिवार समेत समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव के पिता अरविंद सिंह बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में सपा प्रमुख अखिलेश यादव, शिवपाल यादव, अपर्णा यादव और परिवार के अन्य सदस्य भावुक नजर आए। वहीं डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी श्रद्धांजलि देने के लिए श्मशान घाट पहुंचे।

पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म बना मौत की वजह

प्रतीक यादव की मौत का मुख्य कारण ‘पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म’ बताया गया है। प्रारंभिक मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, उनके फेफड़ों की नस में खून का थक्का जम गया था, जिसके चलते रक्त संचार बाधित हो गया। इस गंभीर स्थिति के कारण दिल और फेफड़ों ने अचानक काम करना बंद कर दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। हालांकि मौत के सही कारणों की पूरी पुष्टि के लिए डॉक्टरों ने विसरा और हृदय के कुछ हिस्सों को सुरक्षित रख लिया है। इन्हें आगे की फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा ताकि किसी अन्य संभावना, जैसे किसी विषैले पदार्थ या रासायनिक कारण, को पूरी तरह खारिज किया जा सके।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुराने चोट के निशान मिलने की जानकारी

सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रतीक यादव के शरीर पर कुछ पुराने चोट के निशान भी पाए गए हैं। इसके अलावा बीमारी के कारण उनके बाएं पैर के अंगूठे का नाखून नीला पड़ा हुआ था। मेडिकल टीम इन सभी बिंदुओं की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत से जुड़े सभी पहलुओं पर अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया था

बता दें कि बुधवार सुबह अचानक प्रतीक यादव की तबीयत बिगड़ गई थी। हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर फैलते ही समाजवादी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। पूरे दिन सपा कार्यालय और परिवार के आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा।