पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा-2026: ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 17 मई तक बढ़ी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद लखनऊ द्वारा आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि एक बार फिर छात्रहित में बढ़ा दी गई है। परिषद के सचिव संजीव कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अभ्यर्थियों एवं विभिन्न संस्थाओं की मांग को ध्यान में रखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि को अब 14 मई 2026 से 17 मई 2026 तक के लिए दोबार विस्तारित किया गया है।

परिषद के सचिव संजीव कुमार सिंह ने बताया कि इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर 11 मई 2026 किया गया था। इसके बावजूद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों द्वारा तिथि बढ़ाने का अनुरोध किया जा रहा था, जिस पर विचार करते हुए यह निर्णय लिया गया है।

अभ्यर्थियों से अपील

संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के अनुसार, 11 मई 2026 तक कुल प्रवेश क्षमता 2,71,093 सीटों के सापेक्ष चार लाख से अधिक अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन किया जा चुका है, जो इस परीक्षा की लोकप्रियता को दर्शाता है। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे विस्तारित तिथि का अधिकतम लाभ उठाते हुए परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.jeecup.admissions.nic.in पर जाकर शीघ्र आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें।

वहीं परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी परिषद की वेबसाइट के अतिरिक्त दूरभाष संख्या 0522-2630106, 2630695, 2630667, 2636589 पर भी संपर्क कर सकते हैं।