
फतेहपुर सीकरी। ग्रामीण क्षेत्र में समरसेबल और नलकूपों से विद्युत तार व केबिल चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने दो आरोपित चोरों को रंगे हाथ दबोच लिया। ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार किसानों के नलकूपों और समरसेबलों से लगातार कॉपर के तार और केबिल चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही थीं। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर उन्होंने दो युवकों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके कब्जे से समरसेबल की कॉपर केबिल, विद्युत तार, चोरी में प्रयुक्त उपकरण तथा एक बाइक बरामद हुई।
गांव महदूऊ निवासी किसान रविंद्र कुमार पुत्र बदन सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित अर्जुन सिंह पुत्र कलुआ और उसके साथी सुरेश पुत्र रमेश निवासी गांव जैनपुरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।