सीकरी ब्लॉक में खेलों को बढ़ावा, गांव-गांव पहुंची वॉलीबॉल किट


फतेहपुर सीकरी। बिल्ड फॉर सक्सेस डिग्री कॉलेज के चेयरमैन एवं सरपंच विष्वेन्द्र शर्मा की पहल पर सीकरी ब्लॉक में युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए वृहद वॉलीबॉल किट वितरण अभियान शुरू किया गया। अभियान के तहत शुक्रवार को ब्लॉक के करीब एक दर्जन स्कूलों में वॉलीबॉल किट वितरित की गईं, जिससे छात्रों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अभियान के अंतर्गत श्री विमला देवी इंटर कॉलेज, श्री राममूर्ति दर्शन सिंह इंटर कॉलेज, बहोरी सिंह इंटर कॉलेज, जी.एस. इंटर कॉलेज, रामनारायण स्कूल, पंडित मेवा राम पूर्व माध्यमिक विद्यालय, श्री रतन सिंह दौलत राम इंटर कॉलेज और ओम शांति इंटर कॉलेज सहित कई शिक्षण संस्थानों को खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई।
आयोजकों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य केवल खेल सामग्री बांटना नहीं, बल्कि गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान देना और युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाना है। बताया गया कि Build For Success Premier League और कबड्डी प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन पिछले दो वर्षों से लगातार किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को मंच मिला है।
किट वितरण के बाद अब स्कूलों में छात्रों को नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा। आगामी दिनों में फतेहपुर सीकरी ब्लॉक स्तर पर भव्य वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित करने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है, जिसमें विभिन्न गांवों और स्कूलों की टीमें हिस्सा लेंगी।
सरपंच विष्वेन्द्र शर्मा ने कहा कि गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उचित मंच और अवसर की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल क्षेत्र के युवाओं को जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में मददगार साबित होगी।