बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर किसानों ने दी श्रद्धांजलि


अलीगढ़। सिस्टम सुधार संगठन किसान यूनियन की ओर से खैर तहसील के बरहन गांव बैना में किसान नेता स्वर्गीय महेंद्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि पर आयोजित किसान सभा में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में किसानों ने बाबा टिकैत के संघर्षों और किसान हित में किए गए आंदोलनों को याद करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण पर पहला अधिकार स्थानीय किसानों और निवासियों का है। इन अधिकारों की रक्षा के लिए बाबा महेंद्र सिंह टिकैत ने ऐतिहासिक आंदोलन किए थे, जो आज भी किसानों के लिए प्रेरणा बने हुए हैं। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याओं और अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाना ही बाबा टिकैत को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बाबा टिकैत के विचारों और संघर्षों से प्रेरणा लेकर किसान संगठनों द्वारा लगातार किसान हित के मुद्दों को उठाया जा रहा है। उन्होंने किसानों से एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
श्रद्धांजलि सभा का आयोजन भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल तालान की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में दोनों संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
अंत में सभी किसानों और पदाधिकारियों ने बाबा महेंद्र सिंह टिकैत को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।