खेलते-खेलते लापता मासूम का सोकफिट में मिला शवनानपारा के महोली शेर खां गांव में दर्दनाक हादसा, परिवार में मचा कोहराम


बहराइच। नानपारा क्षेत्र के महोली शेर खां गांव में पांच वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। खेलते समय लापता हुआ बच्चा अगले दिन गांव के एक गहरे सोकफिट में मृत मिला। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली नानपारा क्षेत्र के ग्राम महोली शेर खां निवासी राजू का पांच वर्षीय पुत्र ताजुद्दीन शुक्रवार शाम करीब चार बजे गांव के बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने देर शाम तक आसपास के खेतों, गलियों और तालाबों में खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं लगा। बाद में परिजनों ने कोतवाली नानपारा में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई।
शनिवार सुबह करीब आठ बजे गांव के एक बच्चे ने घर के पास बने करीब दस फीट गहरे सोकफिट में शव उतराता देखा। सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
उपनिरीक्षक अनिल सिंह और शशांक गौड़ ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों ने बताया कि ताजुद्दीन पांच भाइयों में सबसे छोटा था और परिवार का बेहद दुलारा था। उसकी मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में हर आंख नम दिखाई दी और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना रहा।