
बच्चों समेत 5 लोग गंभीर घायल, हाईवे पर लगा लंबा जाम
छाता, मथुरा। दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे-19 पर कोतवाली छाता क्षेत्र के गांव दोताना के पास सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार केंट्रा कैंटर ने आगे चल रही इको कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि इको कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में बच्चों समेत करीब पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे तथा कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही कोतवाली छाता पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद नेशनल हाईवे-19 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त इको कार को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के बाद फरार हुए केंट्रा चालक की तलाश की जा रही है।