अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद-राष्ट्रीय बजरंग दल ने निकाली प्रधानमंत्री जन संदेश यात्रा

कुकरा खीरी। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल की जिला बैठक मोहल्ला पंजाबी कॉलोनी, गोला गोकर्णनाथ में जिला अध्यक्ष राकेश कनौजिया के आवास पर संपन्न हुई। बैठक में विभाग मंत्री रमाकांत अवस्थी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राकेश कनौजिया ने की। बैठक का संचालन जिला महामंत्री प्रदीप जायसवाल ने किया।

बैठक की शुरुआत श्रीराम दरबार की स्थापना, पुष्पमाला अर्पित कर पूजा-अर्चना एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ के साथ हुई। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और सामाजिक व धार्मिक कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों से कहा गया कि संगठन द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों को आम जनता तक पहुंचाना जरूरी है।

बैठक के दौरान विभाग मंत्री रमाकांत अवस्थी ने राष्ट्रीय महिला परिषद की नई जिम्मेदारियों की घोषणा की। ग्राम वजीरगंज निवासी मीना देवी को जिला अध्यक्ष, संगीता देवी को गोला विधानसभा महामंत्री, रामवती को गोला विधानसभा अध्यक्ष तथा गीता देवी को पलिया विधानसभा अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

बैठक के समापन के बाद संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ई-रिक्शा और साइकिल से प्रधानमंत्री जन संदेश यात्रा निकाली। यात्रा पंजाबी कॉलोनी से शुरू होकर लखीमपुर रोड, नानक चौकी, सिनेमा रोड, अंबेडकर मूर्ति, अलीगंज रोड, अशोक चौराहा, खुटार रोड, विकास चौराहा, पुरानी मिल बाईपास और मोहम्मदी रोड होते हुए पुनः अशोक चौराहे पर पहुंची।

जिला अध्यक्ष राकेश कनौजिया ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनसंदेश को आम लोगों तक पहुंचाना है। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने “जय श्रीराम” के नारों के साथ पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश दिया। लोगों से अपील की गई कि बाजार आने-जाने में डीजल-पेट्रोल वाहनों के बजाय ई-रिक्शा और साइकिल का प्रयोग करें, लंबी दूरी की यात्रा ट्रेन व बस से करें, नजदीकी सफर में इलेक्ट्रिक बाइक या साइकिल का उपयोग करें तथा शादी समारोह में कम वाहनों का इस्तेमाल करें।

यात्रा में जिला महामंत्री प्रदीप जायसवाल, जिला मंत्री अखिलेश जायसवाल, जिला अध्यक्ष एएचपी प्रदीप भगत, पलिया विधानसभा अध्यक्ष चंचल कश्यप, तहसील अध्यक्ष विजय तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष अंकित सिंह, ब्लॉक उपाध्यक्ष कपिल सूर्यवंशी, जिला उपाध्यक्ष अंशू वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।