
एत्मादपुर। कस्बा खंदौली की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नव निर्मित खंदौली टाउन विद्युत उपकेंद्र का मंगलवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में सांसद S. P. Singh Baghel एवं एत्मादपुर विधायक Dharmapal Singh ने फीता काटकर उपकेंद्र का शुभारंभ किया।
करीब 8 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए 10 एमवीए क्षमता वाले इस विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र के लगभग पांच हजार उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार पुराने सेमरा फीडर क्षेत्र को भी इस नए उपकेंद्र से जोड़ा जाएगा, जिससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था और अधिक सुचारु हो सकेगी।
अधिकारियों ने बताया कि उजरई फीडर से कस्बे को आने वाली एचटी लाइन काफी पुरानी हो चुकी थी, जिसके कारण आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित रहती थी। नए उपकेंद्र के शुरू होने से अब कस्बावासियों को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।
बिजलीघर निर्माण करने वाली फर्म के एमडी ठाकुर नरेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि लगभग एक वर्ष में इस परियोजना को पूर्ण किया गया है।
कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता सोनवीर सिंह, अधिशासी अभियंता मनोज कुमार, उपखंड अधिकारी नेहा तोमर, अरुण कुमार, यतेंद्र सिंह, अवर अभियंता शिव सिंह, नीलेश सक्सेना, टीजीटू सतेंद्र कुमार समेत विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह में विनोद शर्मा, हरिओम जूरैल, यशपाल जूरैल, जिला पंचायत सदस्य बब्बू चौहान, भाजपा नगर महामंत्री मुकेश गुप्ता, मानवेंद्र सिंह, धर्मेंद्र श्रोत्रिय, दलवीर राठौर, होशियार सिंह, रेशम माहौर, जीतू प्रधान, पवन पंडित, अंकित शर्मा, अनीष उपाध्याय, गोविंदा चौहान और भरत सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।