
फिरोजाबाद। थाना खैरगढ़ क्षेत्र के गांव शेखपुरा निवासी एक व्यक्ति ने जिलाधिकारी से शिकायत कर भूमि विवाद मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि मामला सिविल न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद विपक्षी पक्ष विवादित भूमि पर जबरन कब्जा और अवैध निर्माण कार्य करा रहा है।
ग्राम शेखपुरा निवासी हरिविलास पुत्र मुंशीलाल ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी भूमि से संबंधित वाद सिविल न्यायालय फिरोजाबाद में लंबित है। इसके बावजूद गयाचरण, भिखारी एवं खेतपाल पुत्रगण सुखलाल द्वारा विवादित भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि मामले की शिकायत थाना खैरगढ़ पुलिस से की गई थी, लेकिन संबंधित एसडीएम शिकोहाबाद द्वारा पुलिस कार्रवाई रुकवाए जाने के कारण कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि विपक्षी लगातार अवैध निर्माण कर रहे हैं, जिससे उन्हें मानसिक और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
प्रार्थना पत्र में जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध कब्जा एवं निर्माण कार्य तत्काल रुकवाने, साथ ही संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।