रिपोर्ट:पंकज चतुर्वेदी

📍 बाराबंकी | फतेहपुर थाना क्षेत्र का झांसा गांव
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार देर रात एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। भीषण गर्मी और बिजली कटौती के कारण एक परिवार घर के बाहर सड़क किनारे सो रहा था, तभी तेज रफ्तार बेकाबू डंपर काल बनकर पहुंचा और पूरे परिवार को कुचल दिया।

हादसा रात करीब 2 बजे हुआ। ग्रामीणों के मुताबिक तेज रफ्तार डंपर पहले सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराया, लेकिन रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। पेड़ से टकराने के बाद डंपर सीधे बाहर सो रहे परिवार के ऊपर चढ़ गया। अचानक मची चीख-पुकार से पूरा गांव जाग उठा। लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को किसी तरह बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने नीरज (35), उनके बेटे अनुराग (13), अंशू (6) और बेटी अंशिका (10) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल पत्नी आरती (35) की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि मृतक नीरज किराए पर मैजिक वाहन चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। मेहनत-मजदूरी करके बच्चों का भविष्य संवारने वाले नीरज को शायद अंदाजा भी नहीं था कि बिजली कटौती की एक रात उनके पूरे परिवार पर इतना भारी पड़ जाएगी।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। हर आंख नम है और ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा