
वाराणसी। प्रधानमंत्री Narendra Modi के संसदीय क्षेत्र Varanasi स्थित Kashi Vishwanath Temple में दर्शन कराने के नाम पर अवैध वसूली और दलाली का खेल सामने आया है। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 25 कथित दलालों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी के नेतृत्व में रविवार तड़के करीब 4 बजे की गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मंदिर परिसर और आसपास लंबे समय से कुछ लोग श्रद्धालुओं को जल्दी दर्शन, वीआईपी एंट्री और विशेष सुविधा दिलाने का झांसा देकर अवैध वसूली कर रहे थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान चौक थाना क्षेत्र से 22 और दशाश्वमेध थाना क्षेत्र से 3 लोगों को हिरासत में लिया गया।

आरोप है कि ये लोग बाहरी श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर उनसे मोटी रकम वसूलते थे। कई बार श्रद्धालुओं को यह विश्वास दिलाया जाता था कि उनके पास मंदिर प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों से सीधा संपर्क है, जिसके जरिए उन्हें बिना लाइन के दर्शन कराए जाएंगे। पुलिस ने मौके से कुछ संदिग्ध दस्तावेज और अन्य सामग्री भी बरामद की है।
पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि मंदिर परिसर और आसपास दलाली, अवैध वसूली तथा श्रद्धालुओं के शोषण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन व्यवस्था मिल सके।