लखनऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फर्जी रजिस्ट्री कर प्लॉट बेचने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी के गोमती नगर पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्लॉटों की अवैध रजिस्ट्री करने वाले गिरोह के एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई थाना गोमतीनगर में दर्ज धोखाधड़ी और कूटरचना के गंभीर मुकदमे के तहत की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान इन्द्र प्रताप सिंह पुत्र स्व. विश्वनाथ सिंह निवासी ग्राम व पोस्ट दारीदीहा, थाना मारुबा, जनपद अम्बेडकर नगर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 48 वर्ष बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, दिनांक 12 जनवरी 2025 को सेवानिवृत्त अपर कृषि निदेशक लखनऊ नारान्तन सिंह यादव ने थाना गोमतीनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनकी पत्नी के नाम पर लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा आवंटित भूखंड की फर्जी दस्तावेजों के आधार पर किसी अन्य व्यक्ति के नाम रजिस्ट्री कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना गोमतीनगर में मु0अ0सं0 15/2025 धारा 419, 420, 467, 468, 471, 504, 506 व 120बी भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और विवेचना उपनिरीक्षक मोहम्मद जसीम रजा को सौंपी गई।

खुद को भू-स्वामी बताकर लोगों को प्लॉट बेच देता था आरोपी

जांच के दौरान सामने आया कि अभियुक्त इन्द्र प्रताप सिंह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर खाली पड़े प्लॉटों के फर्जी अभिलेख और कूटरचित रजिस्ट्री तैयार करता था। इसके बाद खुद को भू-स्वामी बताकर लोगों को प्लॉट बेच देता था और उनसे मोटी रकम वसूल कर गबन करता था। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के अन्य नामजद आरोपी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं।

पुलिस टीम ने अभियुक्त इन्द्र प्रताप सिंह को उसके स्थायी पते ग्राम व पोस्ट डारी डीहा, थाना महरुबा, जनपद अम्बेडकर नगर से 25 मई 2026 को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त के खिलाफ थाना गोमतीनगर में पहले से भी एक अन्य मुकदमा दर्ज है। वहीं इस गिरफ्तारी में थाना गोमतीनगर के उपनिरीक्षक मोहम्मद जसीम तथा कांस्टेबल आकाश की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि फर्जी रजिस्ट्री और जमीन धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।