
अमेठी। विकासखंड अमेठी के कटरा फूलकुंवर गांव में आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण से जुड़ा भुगतान विवाद अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। निर्माण सामग्री सप्लाई करने वाले एक ठेकेदार ने करीब तीन वर्षों से भुगतान न मिलने का आरोप लगाते हुए आमरण अनशन शुरू कर दिया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
पीड़ित ठेकेदार का आरोप है कि उसने आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण कार्य के लिए आवश्यक सामग्री की आपूर्ति की थी, लेकिन आज तक उसे उसका भुगतान नहीं मिल सका। उनका कहना है कि भुगतान के लिए वह कई बार संबंधित अधिकारियों और विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगा चुका है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। लंबे समय से समाधान न होने पर उसने आमरण अनशन का रास्ता अपनाया है।

इसी बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़ित व्यक्ति खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अमेठी के समक्ष रोते-बिलखते हुए उनके पैरों पर गिरकर न्याय की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह अपनी आर्थिक परेशानी और वर्षों से लंबित भुगतान की बात कहता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और स्थानीय स्तर पर प्रशासन की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
मामले में ग्राम पंचायत स्तर पर वित्तीय अनियमितताओं और भुगतान प्रक्रिया में लापरवाही के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा पीड़ित को जल्द न्याय दिलाने की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। क्षेत्रीय लोगों की नजर अब प्रशासनिक कार्रवाई और जांच के संभावित परिणामों पर टिकी हुई है।