
आगरा। विकास खंड एत्मादपुर में तैनात सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) त्रिलोक चंद गुप्ता (टीसी गुप्ता) शनिवार को 40 वर्ष, 3 माह और 3 दिन की लंबी एवं बेदाग सरकारी सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में एत्मादपुर हाईवे स्थित ‘द जोधा होटल’ में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विकास खंड के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और ग्राम प्रधान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
टीसी गुप्ता ने अपने सेवाकाल के दौरान जनपद आगरा के सात विकास खंडों—सैंया, बिचपुरी, अछनेरा, खेरागढ़, फतेहपुर सीकरी, अकोला और एत्मादपुर में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने जहां भी कार्य किया, वहां ईमानदारी, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल कायम की। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों का सदैव मार्गदर्शन किया।
विदाई समारोह में ग्राम प्रधानों, सफाई कर्मचारियों, पंचायत सचिवों और ब्लॉक कर्मियों ने टीसी गुप्ता को फूल-मालाएं पहनाकर, साफा बांधकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान माहौल भावुक हो गया और सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए गए अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि विभाग में उनकी कार्यशैली और व्यवहार को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
अपने संबोधन में टीसी गुप्ता ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने हमेशा जनहित और विभागीय जिम्मेदारियों को प्राथमिकता दी। उन्होंने सैंया ब्लॉक में कार्यरत सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) विनय प्रताप सिंह को जिले की जिम्मेदारियां सौंपते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
समारोह में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अवधेश सिंह उर्फ रामू भाई, जिला पंचायत राज अधिकारी मनीष कुमार, डीडी पंचायत संजय यादव, खंड विकास अधिकारी विजय कुमार अग्रवाल सहित कई अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ब्लॉक स्टाफ मौजूद रहा।