हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारों का सम्मान, डॉ. अमर सिंह पूनिया बोले- पत्रकार समाज का दर्पण


कोसीकलां। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर नगर में आयोजित एक सम्मान समारोह में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नंदगांव रोड स्थित पौनिया क्लीनिक पर भाजपा ब्रज प्रांत पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष डॉ. अमर सिंह पूनिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।
डॉ. अमर सिंह पूनिया ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होता है, जो निष्पक्ष और तथ्यात्मक जानकारी के माध्यम से जनता को जागरूक करने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1826 में ‘उदन्त मार्तण्ड’ के प्रकाशन के साथ हिंदी पत्रकारिता की शुरुआत हुई थी और तब से लेकर आज तक पत्रकारिता ने समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी पत्रकारिता ने लोगों में राष्ट्रीय चेतना जगाने का काम किया था।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सूचना और तकनीक के तेजी से बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के दौर में तथ्यपरक, निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि पत्रकारिता के मूल्यों और उद्देश्यों को याद करने का अवसर भी है।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकार बलराम चौधरी, देव शर्मा, विनोद अग्रवाल, सोनू गोयल, विजय शर्मा, मनोज माथुर, भारत शर्मा, विष्णु शर्मा, नरेश कुमार और हसीन रौनक को सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने पत्रकारों के समाज और लोकतंत्र के प्रति योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।