तेज आंधी बनी आफत: रिक्शा चालक की मौत, गांव बरोदा में मकान की छत गिरी


किरावली/अछनेरा। शुक्रवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। प्राकृतिक आपदा के चलते जहां एक रिक्शा चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, वहीं एक गरीब परिवार के मकान की छत ढह जाने से भारी नुकसान हुआ। हालांकि छत गिरने की घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार किरावली क्षेत्र के गांव नगला अजीत निवासी महेंद्र पुत्र रामहित (55) पिछले करीब 15 वर्षों से आगरा कैंट क्षेत्र में लोडिंग रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। शुक्रवार शाम आई तेज आंधी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक महेंद्र अपने पीछे तीन बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनकी पुत्री लक्ष्मी, पुत्र कुमरजीत, लोकेंद्र और यशपाल हैं। परिवार के सदस्यों के अनुसार महेंद्र मेहनत-मजदूरी कर पूरे परिवार का सहारा थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं अछनेरा क्षेत्र के गांव बरोदा निवासी दीवान सिंह पुत्र भरत सिंह के मकान की छत शुक्रवार रात करीब 11 बजे अचानक भरभराकर गिर गई। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के भीतर मौजूद थे, लेकिन सौभाग्य से कोई भी मलबे की चपेट में नहीं आया। हादसे के बाद परिवार के लोग दहशत में हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा मकान क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित परिवार को राहत दिलाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आंधी और बारिश के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर नुकसान हुआ है, जिसकी प्रशासन द्वारा सर्वे कर सहायता प्रदान की जानी चाहिए।