पोस्टमार्टम के लिए शव लाते ही भड़का आक्रोश, पुलिस ने संभाला मोर्चा

जौनपुर। विशाल यादव की मौत के बाद शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के दौरान आधुनिक चीरघर के बाहर माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस कार्रवाई से नाराज मृतक के परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब 10 मिनट तक मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान नोकझोंक की स्थिति बनी रही।
मामला बढ़ता देख परिजन शव को एंबुलेंस में रखकर जौनपुर की ओर निकल पड़े। पुलिस ने रास्ते में वाहन लगाकर एंबुलेंस को रोकने का प्रयास किया, लेकिन परिजन नहीं रुके। इसके बाद पुलिस ने एंबुलेंस का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे रोक लिया। पुलिस शव को लेकर एंबुलेंस को वापस आधुनिक चीरघर ले आई। करीब छह बजे शव दोबारा चीरघर पहुंचाया गया।
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए आधुनिक चीरघर परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सीओ सदर परमानंद कुशवाहा समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नजर रखी। देर शाम पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
रॉड से हमले में घायल हुआ था विशाल
बताया गया कि लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रमदयालगंज बाजार में सुबह 7 बजे के करीब 22 वर्षीय विशाल यादव पर रॉड से हमला किया गया था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
विशाल की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के दौरान परिजनों के विरोध के बाद चीरघर के बाहर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी और भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच देर शाम पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई गई।