मृतक बिजली कर्मी के परिवार का 200वें दिन भी धरना जारी, 72 वर्षीय मां ने शुरू की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल


किरावली (आगरा)। विद्युत विभाग में कार्यरत रहे पेट्रोलमैन रवि सोलंकी की मौत के मामले में न्याय और लंबित मांगों को लेकर उनके परिवार का धरना 200वें दिन भी जारी रहा। परिजनों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों द्वारा किए गए आश्वासनों को अब तक पूरा नहीं किया गया है। इसी के विरोध में शनिवार से मृतक की 72 वर्षीय मां प्रभा देवी ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 38 वर्षीय रवि सोलंकी 33/11 विद्युत उपकेंद्र किरावली टाउन पर पिछले लगभग 20 वर्षों से कार्यरत थे। परिजनों का आरोप है कि 9 अप्रैल 2025 को तहसील किरावली के सामने एक ट्रांसफार्मर की मरम्मत के दौरान शटडाउन होने के बावजूद लाइन में अचानक करंट प्रवाहित हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 15 अप्रैल 2025 को उनकी मृत्यु हो गई।
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों ने 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, उपचार का पूरा खर्च, पत्नी और बच्चों के लिए पेंशन तथा एक आश्रित को संविदा पर नौकरी देने का आश्वासन दिया था। हालांकि अब तक केवल 7.50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि ही प्रदान की गई है।
मृतक की पत्नी रजनी देवी, तीन बच्चों और वृद्ध मां प्रभा देवी का कहना है कि वे पिछले एक वर्ष से न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते परिवार 12 नवंबर से तहसील सदर परिसर में धरने पर बैठा हुआ है।
किसान मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मामले में उदासीन बने हुए हैं। उन्होंने मृतक के परिजनों को शेष आर्थिक सहायता, आश्रित को नौकरी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
धरने में पवन सिंह चाहर, प्रकाश वीर, एवर चंद्र, मुकेश, सोनू, अरविंद सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।