जय श्रीराम के नारों के बीच दुर्गा वाहिनी की कार्यकर्ता सात दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के लिए बरेली रवाना


किरावली। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की सीकरी जिला इकाई से दुर्गा वाहिनी की कार्यकर्ता शनिवार को सात दिवसीय प्रांतीय प्रशिक्षण वर्ग में भाग लेने के लिए बरेली रवाना हुईं। अछनेरा रेलवे स्टेशन पर “जय श्रीराम” और “फूल नहीं चिंगारी हैं, हम भारत की नारी हैं” जैसे नारों के बीच कार्यकर्ताओं को विदाई दी गई।
दुर्गा वाहिनी की जिला सह-संयोजिका लक्ष्मी राजावत के नेतृत्व में 18 कार्यकर्ता 30 मई से 6 जून तक बरेली में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण वर्ग में भाग लेने के लिए रामनगर एक्सप्रेस से रवाना हुईं। कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रशिक्षण का लाभ समाज और राष्ट्रहित में उपयोग करने का आह्वान किया।
विहिप के जिला उपाध्यक्ष आर.के. इंदौलिया ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद द्वारा देश के विभिन्न प्रांतों में प्रांतीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें बजरंग दल, मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी के अलग-अलग प्रशिक्षण वर्ग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दुर्गा वाहिनी और मातृशक्ति वर्गों का उद्देश्य महिलाओं में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक जागरूकता का विकास करना तथा उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाना है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में आत्मरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया जाता है। साथ ही समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर भी मार्गदर्शन किया जाता है। प्रतिभागियों को ऐतिहासिक वीरांगनाओं के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाता है।
प्रशिक्षण वर्ग में विभाग संयोजिका आरती गोस्वामी भी अपनी टीम के साथ शामिल हुईं। वहीं विहिप जिला अध्यक्ष सत्येंद्र भारद्वाज प्रतिभागियों को वर्ग स्थल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरेली तक छोड़ने के लिए उनके साथ रवाना हुए।
अछनेरा रेलवे स्टेशन पर आयोजित विदाई कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष आर.के. इंदौलिया, जिला सुरक्षा प्रमुख योगेश इंदौलिया, भूप सिंह इंदौलिया, अभय प्रताप सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।