
पलियाकलां (खीरी)। भीषण गर्मी के बीच मरीजों और नवजात शिशुओं को हो रही परेशानियों को देखते हुए नगर व्यापार मंडल पलिया कलां कंछल ग्रुप ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण कर अस्पताल प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है। व्यापार मंडल ने अस्पताल में खराब पड़े कूलर, पंखे और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था कराने की बात कही है।
शुक्रवार को नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. भारत सिंह के साथ अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान अल्ट्रासाउंड कक्ष, पैथोलॉजी लैब, महिला वार्ड, जनरल वार्ड, लेबर रूम, ओपीडी, नवजात शिशु वार्ड तथा फोटोथेरेपी यूनिट का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया गया।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. भारत सिंह ने अस्पताल में मौजूद कुछ छोटी-मोटी समस्याओं की जानकारी देते हुए उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। वहीं भीषण गर्मी को देखते हुए महिला वार्ड, जनरल वार्ड और नवजात शिशु वार्ड में मरीजों को हो रही दिक्कतों पर विशेष चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान कुछ कूलर, एग्जॉस्ट फैन और पंखे खराब पाए गए, जिससे भर्ती मरीजों और नवजात शिशुओं को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि अस्पताल समाज की अमूल्य धरोहर है और इसके विकास एवं रखरखाव में समाज की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयास आवश्यक हैं।
इस अवसर पर नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष गौरव गुप्ता, कोषाध्यक्ष श्यामानंद, महामंत्री जसवीर फ्लोरा, उपाध्यक्ष देवेंद्र अरोड़ा, रमेश बाजपेई, एजाज अली, फिरोज खान, नारायण दास जिंदल, नीरज गोयल, सचिन बंसल, पवन गर्ग सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सहयोग का संकल्प लिया।