
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के साथ अपने 2026 टेस्ट अभियान की शुरुआत करने जा रही है। यह मुकाबला 6 जून से न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच से पहले मुख्य कोच गौतम गंभीर के संकेतों के बाद भारतीय टीम की संभावित प्लेइंग-11 लगभग साफ नजर आ रही है।
चोट से उबर चुके कप्तान शुभमन गिल टीम में वापसी कर रहे हैं और नंबर-4 पर बल्लेबाजी करेंगे। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अपने करियर का 50वां टेस्ट मैच खेलने उतरेंगे। टीम को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी।
युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को भी मौका मिलने की संभावना है। उन्होंने हाल के महीनों में बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावित किया है। वॉशिंगटन सुंदर भी टीम को संतुलन देने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। स्पिन विभाग की जिम्मेदारी कुलदीप यादव के कंधों पर होगी, जबकि घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले हर्ष दुबे टेस्ट डेब्यू कर सकते हैं।
तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई मोहम्मद सिराज करेंगे। उनके साथ प्रसिद्ध कृष्णा के खेलने की संभावना है। दूसरी ओर, अफगानिस्तान की कप्तानी हशमतुल्लाह शाहिदी के हाथों में होगी। टीम में रहमानुल्लाह गुरबाज, रहमत शाह और अज़मतुल्लाह उमरजई जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
भारत की संभावित प्लेइंग-11: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।